रिपोर्ट:मोहित दखणी
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री संतोष कुमार जाट द्वारा जानकारी दी गई कि गत दिवस पंवासा उज्जैन निवासी 16 वर्षीय विशाल पिता रायसिंह सोलंकी दत्त अखाड़ा क्षेत्र पर स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, तभी रामघाट पर बोट से पेट्रोलिंग कर रहे होमागार्ड जवान रशीद खान, ईश्वर चौधरी और घाट पर तैनात विनोद पांचाल, विकास साहू ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगाकर 16 वर्षीय युवक को बचा लिया। उल्लेखनीय है कि रामघाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिये होमगार्ड द्वारा पिछले सप्ताह से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था प्रारम्भ की गई है, जिसके चलते दुर्घटनाओं पर नियंत्रण संभव हो सका है।
होमगार्ड जवान ने महाराष्ट्र से आये श्रद्धालु का खोया हुआ पर्स खोजकर लौटाया

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री संतोष कुमार जाट ने जानकारी दी कि स्वतंत्रता दिवस को शाम 8 बजे के करीब रामघाट पर महाराष्ट्र से आये श्रद्धालु का पर्स गुम गया था, जिसकी शिकायत उसने रामघाट चौकी पर तैनात प्रधान आरक्षक मोहनसिंह से की। इस पर मोहनसिंह और होमगार्ड सैनिक ईश्वरसिंह चौधरी ने घाट पर सर्चिंग अभियान प्रारम्भ किया और पर्स खोज कर युवक को सौंपा। पर्स में युवक के जरूरी दस्तावेज और दो हजार रुपये नगद थे। पर्स पाकर युवक ने प्रधान आरक्षक एवं होमगार्ड के प्रति आभार व्यक्त किया।