अमरकंटक में नर्मदा महोत्सव के छह दिवस बाद मनाया गया धूमधाम से मैया का छठी पर्व

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली एवं पवित्र नगरी अमरकंटक में शनिवार को पतित पावनी भगवती पराम्बा मां नर्मदा जी का छठी पर्व बड़ी ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया । नर्मदा जयंती महोत्सव के छह दिवस उपरांत आयोजित इस पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन शामिल हुए ।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष माघ शुक्ल सप्तमी तिथि को मां नर्मदा जी की जयंती मनाई जाती है । वर्ष 2026 में यह पर्व 25 जनवरी को नर्मदा महोत्सव के रूप में श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया । नर्मदा जयंती के एक दिन पूर्व विशाल शोभायात्रा निकाली गई , जिसमें हजारों की संख्या में पुजारी , भक्त , श्रद्धालु , नगरवासी एवं नर्मदा परिक्रमा वासी सहित सम्मिलित हुए ।

नर्मदा जयंती के छह दिवस पश्चात मनाए जाने वाले छठी पर्व के अवसर पर उद्गम स्थल मंदिर प्रांगण में मां नर्मदा का विशेष पूजन-अर्चन किया गया । संध्या काल में भव्य महाआरती आयोजित की गई तथा मां को विविध पकवानों के सहित पूड़ी , सब्जी का भोग अर्पित किया गया ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया । संध्या समय विशेष महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *