दिव्यांग महिला से यौन संबंध की मांग करने वाला पुलिस उपनिरीक्षक गिरफ्तार
नूंह जिले में दिव्यांग महिला से यौन संबंध बनाने की मांग करने और उसे आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में एक पुलिस उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है। महिला ने झिरका थाने में अपनी ससुराल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी मामले में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक जगदीश चंद मदद के बहाने महिला को फोन पर अश्लील मैसेज भेजने लगा।
जानकारी के अनुसार महिला ने उपनिरीक्षक पर दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया कि उपनिरीक्षक ने उसे थाने बुलाया और एक लाख रुपये मांगे। महिला का यह भी आरोप है कि उपनिरीक्षक उसे व्हाट्सऐप वीडियो कॉल और गाली-गलौज के साथ ही अश्लील बातें करने लगा। यही नहीं महिला ने आरोप लगाया कि उपनिरीक्षक उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा और ऐसा न करने पर मामला बिगाड़ने की धमकी भी दी।
पुलिस ने कहा कि कॉल और संदेशों के सत्यापन के बाद आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ फिरोजपुर झिरका थाने में गुरुवार शाम धारा 294 (अश्लील कृत्य), 354-ए (यौन उत्पीड़न) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67-ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।