श्रावण उपाध्याय पत्रकार
अमरकंटक । कल्याणिका विद्यालयों की श्रृंखला में नवीनतम संस्थान कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन लांघाटोला, पुष्पराजगढ़ में छात्र परिषद का गठन कर दिया गया है। कल एक सादे समारोह में श्री कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक के प्रबंधन्यासी स्वामी हिमाद्रि मुनि मुख्य आतिथ्य एवम् स्वामी जगदीशानंद जी के विशिष्ट आतिथ्य में छात्र परिषद के पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाणपत्र और अन्य कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के आरंभ में अतिथि द्वय का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र निगम एवम् अजय श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ देकर किया और विद्यालय की छात्रा आस्था अग्रवाल, अंकेश्वरी जायसवाल, प्रगति सिंह व मोनिका बघेल ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम अतिथिद्वय का स्वागत किया। उन्होंने कहा की कल्याणिका इस अंचल में संस्कारों एवम् उत्कृष्ठ शिक्षा के नाम पर चिर परिचित शिक्षण संस्थान है, जिसने उत्कृष्ठ प्रदर्शन के लिए छात्रों को हमेशा प्रोत्साहित व प्रेरित किया। आज हम अपने नवीनतम संस्थान में प्रथम बार प्रशस्ति पत्र प्रदान कर रहें हैं और यह सिलसिला अब अनवरत जारी रहेगा। मैं सभी छात्रों से अपील करता हूं कि आप सभी इस प्रतिस्पर्धी युग में विद्यालय की शिक्षा एवम् अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभायें और अपनी श्रेष्ठता का परिचय दें। यह प्रशस्ति पत्र एक कागज़ का टुकड़ा नहीं अपितु हमारी अनमोल धरोहर है।

इस अवसर पर अतिथिद्वय ने छात्र परिषद के हेडब्वाय अनिमेष सिंह, हेडगर्ल आस्था अग्रवाल, कृष्णा हाउस के कैप्टन के रूप में आदित्य सिंह, वाइस कैप्टन शिफा सिद्दीकी, कावेरी हाउस के कैप्टन के रूप में अंकेश्वरी जायसवाल, वाइस कैप्टन शुभम श्रीवास्तव, सरस्वती हाउस के कैप्टन के रूप में देव जायसवाल, वाइस कैप्टन तान्या श्रीवास्तव,नर्मदा हाउस के कैप्टन के रूप में नमन सिंह और वाइस कैप्टन प्रगति सिंह को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित किए। इनका मनोनयन शिक्षक और छात्रों द्वारा सर्वसम्मति से किया गया है। इसी कड़ी में विगत दिनों श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छोटे बच्चों की फैंसी ड्रेस एवम् मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिनके प्रतिभागियों व विजेताओं को शिक्षकों तथा छात्र छात्राओं की करतल ध्वनि के बीच अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक गौरा महालिक ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन छात्र अनिमेष सिंह ने किया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में शाला के शिक्षक सर्व श्री विवेक तिवारी, सौरभ सराफ, श्रीमती दया बैरवा, बबिता श्रीवास्तव आदि का विशेष योगदान रहा।